फौती नामांतरण के बाद मौके पर वितरित हुए राजस्व अभिलेख, 5 हितग्राहियों को मिले मुनगा पौधे
रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील खरसिया के ग्राम मुरा में सेवा संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
फौती नामांतरण के बाद ग्रामीणों को मिले अद्यतन बी-1
शिविर में फौती नामांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीणों को उनके अद्यतन बी-1 की प्रतियां मौके पर ही वितरित की गईं। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व आबादी पट्टे भी प्रदान किए गए।
शिविर के माध्यम से कुल 19 ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इससे ग्रामीणों को राजस्व अभिलेख प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्या का निराकरण हुआ।
हर घर मुनगा अभियान के तहत पौधों का वितरण
शिविर के दौरान ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत 5 हितग्राहियों को मुनगा पौधे भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
