अंबिकापुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने व्यापक Police Verification Campaign चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किरायेदारों, बाहरी राज्यों से आए लोगों, होटल कर्मचारियों, बस-ट्रक चालकों, कंडक्टरों, क्लीनरों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत व्यक्तियों का सघन सत्यापन किया गया।
450 से अधिक लोगों के दस्तावेजों की जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लगभग 125 मकानों, होटलों, ढाबों, पान ठेलों, गुमटियों और व्यवसायिक संस्थानों में पहुंचकर करीब 450 लोगों के पहचान पत्र और दस्तावेजों का सत्यापन किया। मकान मालिकों और व्यवसाय संचालकों को निर्देश दिए गए कि किरायेदारों एवं कर्मचारियों की जानकारी संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।
बाहरी व्यक्तियों की जानकारी साझा करने के निर्देश
पुलिस ने बस-ट्रक संचालकों, होटल संचालकों और अन्य संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहरी राज्यों से आने वाले कर्मचारियों या किरायेदारों को रखने से पहले उनकी जानकारी पुलिस को दें। साथ ही संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर
डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिले में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का नियमित सत्यापन किया जाए तथा अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। Police Verification Campaign के तहत यह अभियान जिलेभर में आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की आमजन से अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, बिना सत्यापन के रह रहा किरायेदार या संदिग्ध मुसाफिर दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत डायल-112 या सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




