Sarangarh Fraud News : रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का आरोप, सैकड़ों महिलाओं ने कोतवाली में की शिकायत

Advertisement
Advertisement

महिला समूहों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लेने का आरोप, पहले से साइबर ठगी मामले में जेल में बंद है आरोपी

सारंगढ़। सारंगढ़ जिले में एक बार फिर बड़े ठगी कांड का मामला सामने आया है। इस बार महिला स्व-सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाओं ने रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर जिले के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं सिटी कोतवाली सारंगढ़ पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

NGO और ‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ योजना के नाम पर निवेश कराया

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि ग्वालिनडीह निवासी दिनेश बंजारे ने स्वयं को एक NGO संचालक बताते हुए ‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ नामक योजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं से कहा गया कि योजना में जमा राशि कुछ समय बाद दोगुनी कर वापस की जाएगी। इस भरोसे में आकर सैकड़ों महिलाओं ने अपनी जमा पूंजी निवेश कर दी।

लोन दिलाने और किस्त भरने का भी दिया था भरोसा

महिलाओं ने बताया कि आरोपी विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से समूह के माध्यम से ऋण भी दिलवाता था। इसके बाद वह ऋण की राशि अपने पास लेकर किस्त स्वयं जमा करने और हर महीने अतिरिक्त लाभ देने का दावा करता था। शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान भी किया गया, जिससे अन्य महिलाएं भी योजना से जुड़ती गईं। बाद में भुगतान बंद हो गया और निवेश की गई राशि भी वापस नहीं मिली।

पहले से साइबर ठगी मामले में जेल में बंद आरोपी

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जिस दिनेश बंजारे पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह वर्तमान में एक अन्य साइबर ठगी मामले में जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, उसके बैंक खाते में करीब 2.71 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि आने का मामला सामने आया था। इस संबंध में अन्य राज्यों में भी लगभग 50 से अधिक शिकायतें दर्ज बताई जा रही हैं, जिसके बाद सारंगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

पुलिस जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

ग्रामीणों का दावा है कि इस मामले में सैकड़ों महिलाएं प्रभावित हुई हैं और ठगी की कुल राशि करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। फिलहाल पुलिस ने शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article