छत्तीसगढ़ के न्यायिक जगत के लिए बड़ी उपलब्धि, 31 अगस्त की बैठक में कॉलेजियम ने लिया फैसला
बिलासपुर/रायपुर/नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के न्यायिक क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की इस सिफारिश के बाद बिलासपुर और रतनपुर क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।

रतनपुर से शुरू हुआ न्यायिक सफर
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल का जन्म 15 जुलाई 1965 को ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में हुआ था। उनके पिता वीरेंद्र अग्रवाल और माता चमेली अग्रवाल हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा रतनपुर में ही हुई।
इसके बाद उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से एलएलएम की डिग्री भी हासिल की।
1989 में शुरू की वकालत
जस्टिस अग्रवाल ने 3 जनवरी 1989 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर जिला न्यायालय और मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में वकालत की। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद बिलासपुर हाईकोर्ट में संवैधानिक और सिविल मामलों के प्रमुख अधिवक्ताओं में उनकी पहचान बनी।
महाधिवक्ता से हाईकोर्ट जज तक
उनका कानूनी करियर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा है। वे वर्ष 2002 से 2004 के बीच छत्तीसगढ़ के उप-महाधिवक्ता रहे। इसके बाद 25 जून 2012 को उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया।
वकालत के दौरान उन्होंने बीसीसीआई, बार काउंसिल ऑफ इंडिया, सेल, आईओसीएल, बीपीसीएल और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग समेत कई प्रमुख संस्थाओं की ओर से हाईकोर्ट में पैरवी की।
2013 में हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने
16 सितंबर 2013 को जस्टिस संजय के. अग्रवाल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। बाद में वे स्थायी न्यायाधीश बने। न्यायिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता, जनहित, पर्यावरण और नागरिक अधिकारों से जुड़े मामलों में कई महत्वपूर्ण फैसले दिए।
तीन हाईकोर्ट के लिए नए मुख्य न्यायाधीशों की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बैठक में तीन हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों के लिए सिफारिश की है। इनमें जस्टिस संजय के. अग्रवाल को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट, जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट भेजे जाने की सिफारिश शामिल है।
औपचारिक मंजूरी के बाद संभालेंगे पद
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब केंद्र सरकार की प्रक्रिया और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद नियुक्ति की औपचारिक अधिसूचना जारी होगी। इसके पश्चात जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़


