Rajgangpur Crime News : दिवाली से पहले पटाखा गोदामों पर पुलिस की रेड, 5 लाख से अधिक के पटाखे जब्त; दो गोदाम संचालक हिरासत में

Advertisement

तलाकीपाड़ा और रानीबंद के गोदामों से पटाखों से भरे 39 बैग बरामद, एसडीपीओ बिभूति भूषण भोई के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

राजगांगपुर। दिवाली से पहले अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर राजगांगपुर पुलिस ने शहर के दो गोदामों में छापेमारी की। तलाकीपाड़ा और रानीबंद इलाके में की गई इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग किस्म के पटाखों से भरे 39 बैग जब्त किए गए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

दो गोदामों में पुलिस की छापेमारी

जानकारी के अनुसार, मुनाफाखोरी के उद्देश्य से व्यापारियों द्वारा दिवाली के लिए गैरकानूनी तरीके से पटाखे जमा किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद स्थानीय एसडीपीओ बिभूति भूषण भोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान गोदामों में रखे पटाखों के 39 बैग बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों गोदाम संचालकों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

एसआई सहित पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस कार्रवाई में एसआई राजेश कुमार सेठी, मिली स्वैन, अरुण कुमार बेहरा सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस जब्त पटाखों के भंडारण से संबंधित दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article