कबाड़ निस्तारण से राजस्व और दफ्तरों का कायाकल्प, एसईसीएल के ‘विशेष अभियान 6’ का खाका तैयार

225 स्थलों पर चलेगा सफाई अभियान, 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र को किया जाएगा उपयोगी; 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने केंद्र सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (DARPG) के मार्गदर्शन में संचालित होने वाले ‘विशेष अभियान 6’ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के तहत बड़े पैमाने पर सफाई और स्क्रैप निस्तारण के साथ ई-वेस्ट प्रबंधन तथा लंबित फाइलों के निपटारे पर भी जोर दिया जाएगा।

225 स्थलों पर चलेगा सघन सफाई अभियान

अभियान का कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके लिए 15 से 30 सितंबर तक तैयारी की जा रही है। एसईसीएल के विभिन्न उपक्रमों और कार्यालयों में चिन्हित 225 स्थलों पर सघन सफाई अभियान चलाकर करीब 40 लाख वर्गफीट क्षेत्र को साफ कर उपयोगी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य

अभियान के दौरान बेकार पड़े लोहे और अन्य स्क्रैप के वैज्ञानिक निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। एसईसीएल ने करीब 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे कंपनी को राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।

ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण पर जोर

पुराने कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे की पहचान कर उनका पृथक्करण और सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों को ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करने की योजना भी अभियान में शामिल है।

7 हजार ई-फाइलों की समीक्षा

दफ्तरों को अधिक व्यवस्थित और पेपरलेस बनाने के लिए भौतिक और डिजिटल रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जाएगी। अभियान के तहत 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा कर इनमें से 200 फाइलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 7,000 ई-फाइलों की समीक्षा और 3,000 निष्क्रिय ई-फाइलों को बंद करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

‘विशेष अभियान 5’ में 24 करोड़ रुपये का राजस्व

एसईसीएल के पिछले अभियान में भी सफाई और स्क्रैप निस्तारण के जरिए परिणाम सामने आए थे। ‘विशेष अभियान 5’ के तहत 229 स्थलों पर 43 लाख वर्गफीट से अधिक जमीन खाली कराई गई थी। इस दौरान 6,400 मीट्रिक टन से अधिक स्क्रैप बेचकर करीब 24 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया था।

अभियान के बाद भी जारी रहे सफाई के प्रयास

अभियान समाप्त होने के बाद भी नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच लगातार प्रयास किए गए। इस अवधि में 2.52 लाख वर्गफीट अतिरिक्त क्षेत्र की सफाई की गई।

स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल पर जोर

एसईसीएल के ‘विशेष अभियान 6’ में सफाई और कबाड़ निस्तारण के साथ पुराने रिकॉर्ड की छंटनी, ई-कचरे के जिम्मेदाराना प्रबंधन और कार्यस्थलों को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य इन प्रयासों के जरिए अपने कार्यालयों और कार्यस्थलों को अधिक स्वच्छ, आधुनिक और कार्यकुशल बनाना है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Share This Article