तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधि की अनदेखी पर नाराजगी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने मंच छोड़ा

Advertisement

सूरजपुर। जिले में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े ने कार्यक्रम में कथित उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मंच छोड़ दिया और नीचे जाकर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन और आयोजकों पर जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल एवं सम्मान की अनदेखी का आरोप लगाया।

नाम नहीं लिए जाने से आहत होने का आरोप

जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जिला प्रशासन की सूचना पर वह तिरंगा यात्रा और रैली में शामिल होने पहुंची थीं। उन्होंने रैली में सक्रिय रूप से भाग लिया और कार्यक्रम के दौरान मंच पर भी मौजूद रहीं।

उनका आरोप है कि मंच पर मौजूद अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों और नेताओं के नाम लेकर उनका सम्मान किया गया, लेकिन वर्तमान में निर्वाचित जिला पंचायत उपाध्यक्ष होने के बावजूद उनके नाम का उल्लेख तक नहीं किया गया।

मंच छोड़कर नीचे बैठीं उपाध्यक्ष

रेखा राजवाड़े ने बताया कि इस उपेक्षा से उन्हें अपमानित महसूस हुआ, जिसके बाद वह मंच से नीचे उतरकर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि कई सरकारी और अन्य कार्यक्रमों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की कथित तौर पर उपेक्षा की जाती है।

प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने का आरोप

जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कई बार कुर्सी पर नाम लिखे होने के बावजूद बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होती और कई कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जाता। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों के पद और मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए।

Share This Article