रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार जीत दर्ज की. बारिश की वजह से मैच देर से शुरू हुआ, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ. ईटीवी भारत की ग्राउंड रिपोर्ट में स्टेडियम के बाहर फैंस के बीच जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. खास तौर पर विराट कोहली की सेंचुरी ने दर्शकों को सबसे ज्यादा उत्साहित किया.
मौसम बदला, लेकिन फैंस का जोश नहीं
रायपुर में पूरे दिन मौसम का मिजाज बदलता रहा. कभी तेज गर्मी, कभी बादल और फिर बारिश के बीच भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ. बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे और अपनी पसंदीदा टीम को सपोर्ट करते नजर आए. बारिश के कारण मैच थोड़ी देर से जरूर शुरू हुआ, लेकिन जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, पूरा स्टेडियम तालियों और नारों से गूंज उठा.
