केलो डेम लूटपाट मामले में फरार आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तार, आईफोन और बाइक जब्त

Advertisement

रायगढ़, 21 अक्टूबर। केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी रामकुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 मिनी और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे ग्राम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

11 अक्टूबर की शाम केलो डेम के पास हुई थी वारदात

मामले में प्रार्थी सानू सारथी (22), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ ने 12 अक्टूबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने लगे, तभी तीन से चार युवक वहां पहुंचे।

आरोपियों ने महिला मित्र के साथ वहां घूमने को लेकर सवाल करते हुए युवक से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट की चाबी भी फेंककर फरार हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तेज की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सीएसपी राहुल उईके और कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों और गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए की जानकारी जुटाई गई और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सोहेल अंसारी (23), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ और रणवीर कुमार (22), निवासी चेहराकला, जिला वैशाली, बिहार, हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई गई।

लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी

पुलिस तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता की तलाश में जुटी थी। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाना बदल रहा था और उसने अपना मोबाइल सिम भी निकाल दिया था। इसी बीच पुलिस को उसके ग्राम कुरमापाली क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद मुखबिरों को सक्रिय कर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकुमार मेहता (24), निवासी उधमपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल, बिहार, हाल मुकाम कुरमापाली, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। प्रार्थी से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष उसकी पहचान संबंधी कार्रवाई भी कराई गई।

लूटा गया आईफोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रामकुमार मेहता ने अपने साथियों सोहेल अंसारी, रणवीर कुमार और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 मिनी और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की गई है।

आरोपी ने बताया कि युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल उसके फरार साथी के पास है। पुलिस अब उस मोबाइल की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

Share This Article