रायगढ़: चक्रधरनगर चौक मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज

Advertisement

दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई, घटना के समय कार्रवाई नहीं करने की शिकायत पर विभागीय कार्यवाही

रायगढ़, 22 अक्टूबर 2026। शहर के चक्रधरनगर चौक स्थित दुर्गा पंडाल के पास दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 21 अक्टूबर की रात की बताई गई है। विवाद के दौरान मारपीट और गाली-गलौज की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के समय पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद विभागीय कार्यवाही भी की जा रही है।

बीच-बचाव के दौरान सिर पर कड़े से वार करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के सुशील गुप्ता (31), निवासी छोटे अतरमुड़ा, चक्रधरनगर ने अपनी शिकायत में बताया कि चक्रधरनगर चौक पर विजयपुर शराब भट्ठी के पास हुए विवाद को लेकर चन्द्रशेखर सिंह राजपूत और अभिलाष गुप्ता के बीच झगड़ा हो रहा था। इस दौरान बीच-बचाव करने पर चन्द्रशेखर सिंह राजपूत ने हाथ में पहने कड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई।

वहीं, दूसरे पक्ष के चन्द्रशेखर सिंह राजपूत (42) ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आहता में हुए विवाद के बाद चक्रधरनगर चौक पर अभिलाष गुप्ता और उसके साथियों ने उनके साथ ही उनके चाचा श्याम सिंह राजपूत और चचेरे भाई उत्तम सिंह राजपूत के साथ मारपीट की।

दोनों पक्षों पर अलग-अलग अपराध दर्ज

दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 533/2026 और 534/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की विवेचना कर रही है।

मामले में अपराध क्रमांक 533/2026 के तहत चन्द्रशेखर सिंह राजपूत, उत्तम सिंह राजपूत और श्याम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. चन्द्रशेखर सिंह राजपूत (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय नरेश सिंह राजपूत, निवासी बंगलापारा, कोतरारोड, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़।
  2. उत्तम सिंह राजपूत (25 वर्ष), पिता श्याम सिंह राजपूत, निवासी बंगलापारा, कोतरारोड, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़।
  3. श्याम सिंह राजपूत (51 वर्ष), पिता स्वर्गीय लल्लू सिंह राजपूत, निवासी बंगलापारा, कोतरारोड, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: पुलिस

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट करने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और कानून अपने हाथ में लेने से बचें।

Share This Article