Raigarh Scrap Seized: जीएसटी जांच में संदिग्ध मिला 32.5 टन स्क्रैप, ट्रक समेत ₹26.50 लाख का माल जब्त

Advertisement

Raigarh Scrap Seized: रायगढ़ में GST विभाग की ई-वे बिल जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए स्क्रैप परिवहन के मामले में जीएसटी विभाग और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। जांच के बाद 16 चक्का ट्रक में लदा करीब 32.5 टन विभिन्न प्रकार का लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया है। वाहन समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹26.50 लाख बताई गई है। मामले में ट्रक चालक अलेख्जेण्डर तिर्की के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

ई-वे बिल जांच में सामने आया संदिग्ध परिवहन

जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ ई-वे बिल जांच दल ने तराईमाल स्थित एन.आर.व्ही.एस. प्लांट के पास वाहन क्रमांक CG22P9367 को जांच के लिए रोका था।

वाहन में लदे स्क्रैप और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक अलेख्जेंडर तिर्की ने बताया कि माल को जिला कोरबा से ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा ले जाया जा रहा है। हालांकि, वाहन में मौजूद माल और प्रस्तुत दस्तावेजों में विरोधाभासी जानकारी सामने आने पर जीएसटी विभाग ने वाहन को आगे की जांच के लिए रोक लिया।

MOV-01 और MOV-02 जारी कर वाहन किया गया निरुद्ध

जांच के दौरान जीएसटी विभाग ने वाहन चालक को MOV-01 और MOV-02 जारी किए। इसके बाद वाहन को नजदीकी पेट्रोल पंप पर चालक की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।

बताया गया कि बाद में वाहन चालक ने संबंधित अधिकारी की अनुमति के बिना निरुद्ध वाहन को ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा के प्लांट परिसर में माल अनलोड करने के लिए ले गया। इस जानकारी के सामने आने के बाद मामले को और गंभीरता से लिया गया।

P.R. Global से भी नहीं मिले जरूरी दस्तावेज

जीएसटी विभाग ने संबंधित कर बीजक जारीकर्ता फर्म मेसर्स पी.आर. ग्लोबल, GSTIN 22ABFFP3210P1ZB, जगतपुर रोड रायगढ़ को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

लेकिन विभाग के अनुसार, फर्म की ओर से मूल बीजक, माल के वास्तविक स्रोत और भुगतान से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इन परिस्थितियों में माल के संदिग्ध और चोरी का होने की प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई।

इसके बाद जीएसटी विभाग ने वाहन और माल को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पूंजीपथरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

32.5 टन स्क्रैप और 16 चक्का ट्रक जब्त

4 अक्टूबर 2026 को पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन क्रमांक CG22P9367 की जांच की। वाहन में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, राड और वाहनों के पार्ट्स समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप लदा मिला।

वाहन चालक अलेख्जेंडर तिर्की, पिता भीमसेन तिर्की, उम्र 50 वर्ष, निवासी चिड़रापारा पत्थलगांव, जिला जशपुर से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्क्रैप को नुनबीरा, धरमजयगढ़ क्षेत्र से लाकर ए.आर. इस्पात में खपाने के लिए ले जाना बताया।

₹6.50 लाख का स्क्रैप, ₹20 लाख का ट्रक

पुलिस द्वारा गवाहों की मौजूदगी में वाहन में लदे करीब 32.5 टन स्क्रैप को जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹6.50 लाख बताई गई है।

इसके अलावा 16 चक्का ट्रक CG22P9367, जिसकी कीमत करीब ₹20 लाख आंकी गई है, उसे भी पुलिस ने कब्जे में लिया। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹26.50 लाख है।

चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

ए.आर. इस्पात पूंजीपथरा से संपर्क करने पर भी वाहन और माल के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिली और पर्चेस ऑर्डर समेत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन चालक अलेख्जेंडर तिर्की के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अब जब्त स्क्रैप के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article