रायगढ़, 17 जून। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कोतवाली पुलिस ने मार्च माह में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लूटा गया मोबाइल कम कीमत में खरीदकर उपयोग करने वाले एक युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
उर्दना तिराहा के पास हुई थी वारदात
प्रार्थी सुमित सिकदार ने 17 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 11:30 बजे तुमीडीह बाजार से लौट रहा था, तभी उर्दना तिराहा के पास काले रंग की पल्सर बाइक पर आए तीन युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और ₹7,000 नगद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी जांच से खुला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को लूटे गए मोबाइल के उपयोग की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने आदित्य चौधरी (21) को हिरासत में लिया, जिसने मोबाइल को मात्र ₹800 में खरीदने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पूछताछ में मुख्य आरोपी आशु बरेठ (19) और उसके साथी श्याम बरेठ (20) को भी गिरफ्तार किया गया।
लूट की पूरी साजिश का खुलासा
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने उर्दना तिराहा–रामपुर मार्ग पर यादव होटल के पास पीड़ित को रोककर पैसे की मांग की थी। विरोध करने पर मारपीट कर नगदी और मोबाइल लूट लिया गया था।
मोटरसाइकिल और लूटा गया सामान बरामद
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की पल्सर बाइक और लूटा गया मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
एक आरोपी पहले से जेल में
इस मामले का एक अन्य आरोपी आशीष महंत पहले से ही एक अन्य लूट मामले में जेल में बंद है।
पुलिस का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के साथ-साथ लूट का सामान खरीदने वालों पर भी समान रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी।




