रायगढ़ पुलिस की सख्त चेतावनी: अपराध छोड़ो या भुगतो कड़ी कार्रवाई

3 Min Read

रायगढ़, 26 फरवरी 2026: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आदतन अपराधियों को सुधार के रास्ते पर लाने के लिए एक बड़ी पहल की। उन्होंने आज शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा और संदिग्ध अपराधियों को पुलिस कार्यालय में तलब किया और उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उन्होंने अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का प्रयास नहीं किया तो उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अपराधियों को सुधार का अवसर

एसएसपी ने कहा कि पुलिस ऐसे व्यक्तियों को सुधार का अवसर दे रही है। उन्होंने उन्हें नशा और बुरी संगत छोड़ने, अपराध से दूरी बनाने और सम्मानजनक जीवन जीने की प्रेरणा दी। साथ ही आश्वासन दिया कि जो नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

रोजगार और पुनर्वास की सुविधा

एसएसपी ने बताया कि रोजगार की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को उनके कौशल और योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय किया जाएगा। इस पहल से बदमाशों को समाज की मुख्यधारा में शामिल होने और अपना जीवन बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

होली के मद्देनजर विशेष चेतावनी

होली पर्व से पहले एसएसपी ने विशेष रूप से कहा कि किसी भी निगरानी अपराधी, गुंडा या संदिग्ध व्यक्ति को किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, छेड़खानी या गुंडागर्दी में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक प्रशांत राव और उप निरीक्षक गेंदलाल साहू के साथ कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पूंजीपथरा, खरसिया एवं पुसौर थानों के थाना प्रभारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सभी निगरानी अपराधियों से आग्रह किया कि वे अपने पूर्व अपराधों का पश्चाताप करें और अपराध छोड़कर पुलिस के सहयोगी बनें। इस अपील पर सभी उपस्थित व्यक्तियों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाकर समर्थन जताया।

TAGGED:
Share This Article