नवरात्रि-दशहरा पर्व को लेकर रायगढ़ पुलिस अलर्ट, शहर 5 सेक्टरों में विभाजित; 2 एडिशनल एसपी और 6 डीएसपी संभालेंगे सुरक्षा

Advertisement

दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और रामलीला आयोजनों पर रहेगी विशेष नजर, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी तैनात की गई विशेष टीम

रायगढ़, 19 अक्टूबर। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की समग्र जिम्मेदारी एडिशनल एसपी अनिल सोनी को सौंपी गई है। इस दौरान थाना पुलिस, रिजर्व पुलिस, होमगार्ड और छठवीं बटालियन के जवान तैनात रहेंगे।

दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों, रामलीला मंचन और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, पर्व के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।

पांच सेक्टरों में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था

सेक्टर-1 : सिटी कोतवाली क्षेत्र

सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में इस सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। यहां कोतवाली थाना, महिला थाना, यातायात पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। सेवाकुंज, गुजरातीपारा, रामलीला मैदान, हुडको कॉलोनी, बगीचा और नटवर स्कूल मैदान सहित प्रमुख दुर्गा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सेक्टर-2 : रामलीला मैदान

रामलीला मंचन और मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा की जिम्मेदारी डीएसपी शिखर मरावी को सौंपी गई है। उनके साथ कोतवाली पुलिस की टीम तैनात रहेगी, जो आयोजन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ भीड़ पर नजर रखेगी।

सेक्टर-3 : कोतरारोड थाना क्षेत्र

डीएसपी उन्नति ठाकुर इस सेक्टर की प्रभारी होंगी। थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में कोतरारोड पुलिस और होमगार्ड के जवान खैरपुर, किरोड़ीमलनगर तथा भगवानपुर क्षेत्र के दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजनों में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सेक्टर-4 : चक्रधरनगर थाना क्षेत्र

इस सेक्टर में डीएसपी सुशांतो बनर्जी और थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। यहां चक्रधरनगर थाना पुलिस के साथ छठवीं बटालियन और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। पुलिस टीम क्षेत्र में सतत निगरानी रखेगी।

सेक्टर-5 : जूटमिल थाना क्षेत्र

डीएसपी रोहित शुक्ला इस सेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में जूटमिल पुलिस और छठवीं बटालियन के जवान दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेंगे।

यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष फोकस

नवरात्रि और दशहरा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए विशेष टीम गठित की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल और डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस तथा रिजर्व पुलिस लाइन के जवान व्यवस्था संभालेंगे।

पुलिस का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाए रखना और श्रद्धालुओं सहित आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली असुविधा से बचाना है।

रायगढ़ पुलिस की नागरिकों से अपील

रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और आयोजन समितियों से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। आयोजन समितियों से सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और आम नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की बात कही गई है।

पुलिस ने कार्यक्रमों में आने वाले लोगों से संभव हो तो चारपहिया वाहनों के उपयोग से बचने और पैदल पहुंचने की अपील की है, ताकि भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

पर्व के दौरान सुरक्षा, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। अब नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा है, ताकि त्योहारों का उत्सव सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Share This Article