Raigarh News: मई 2027 तक शहर को मिलेगी कैनाल लिंक रोड की सौगात, केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी

Advertisement

Raigarh News: रायगढ़ शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को आवागमन की सुविधा देने के लिए चल रहे विकास कार्यों को गति दी जा रही है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, केलो नदी पर बन रहे बैराज और प्रगतिनगर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सबसे पहले कैनाल लिंक रोड के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस सड़क को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तैयार होने से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

कैनाल लिंक रोड के निर्माण के तहत चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बॉक्स कल्वर्ट भी बनाया जाना है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम और बैराज का निर्माण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज की स्थिति का जायजा लिया। जल संसाधन विभाग द्वारा केलो नदी पर तीन स्टॉप डेम और बैराज का निर्माण कराया जा रहा है। इन संरचनाओं का उद्देश्य नदी में पानी का ठहराव बनाए रखने और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है।

इन निर्माण कार्यों को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजनाओं के पूर्ण होने से जल संरक्षण और पानी की उपलब्धता बनाए रखने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जून 2027 से पहले तैयार होगी प्रगतिनगर की सड़क

कलेक्टर ने प्रगतिनगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे तय समय-सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

इस सड़क का निर्माण जून 2027 से पहले पूरा कर यातायात शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क तैयार होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर कलेक्टर का जोर

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जल संसाधन विभाग के ई. श्री नायक, सहायक अभियंता ऋषि कुमार राठौर सहित विभागीय अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।

Share This Article