Raigarh News: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, जनवरी में घर बैठे मोबाइल से कर सकेंगे स्व-गणना

Advertisement

10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना का अवसर, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

रायगढ़। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत रायगढ़ के सृजन सभाकक्ष में जिला एवं चार्ज स्तरीय जनगणना अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और स्व-गणना से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी गई।

कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया गंभीरता से समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए प्रशिक्षण के दौरान ही सभी शंकाओं का समाधान कर लिया जाए।

जनवरी में मिलेगा स्व-गणना का अवसर

उप जनगणना अधिकारी धनराज मरकाम ने जनगणना के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इससे प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक मोबाइल एप के माध्यम से स्व-गणना करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी।

मोबाइल एप से स्वयं दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी

स्व-गणना की सुविधा के तहत नागरिक मोबाइल एप के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सभी विवरण सही और सावधानीपूर्वक भरना जरूरी होगा।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल एप के संचालन, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया समझाई गई, ताकि नागरिकों को प्रक्रिया पूरी करने में उचित मार्गदर्शन मिल सके।

जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण में जनगणना के उप संचालक अशोक मिश्रा, जिला नोडल अधिकारी शेष पंडा और मास्टर ट्रेनर विकास रंजन सिन्हा ने जनगणना की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी दर्ज करने, आंकड़ों की प्रविष्टि और जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करने की प्रक्रिया बताई गई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article