Raigarh News: रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय परिसर में 300 बेड के नए अस्पताल भवन और 30 बेड के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर निर्माण से पहले की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद जर्जर भवन को जल्द डिस्मेंटल कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
एक ही परिसर में मिलेंगी उपचार और जांच की सुविधाएं
प्रस्तावित नए अस्पताल भवन में मरीजों को उपचार और जांच की व्यापक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल में आपातकालीन और ट्रॉमा सेवाओं के साथ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए ICU, HDU, PICU और वेंटिलेटर बेड की सुविधा प्रस्तावित है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रसव कक्ष, मदर एवं न्यू बॉर्न वार्ड के साथ SNCU और NICU की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
चार ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक जांच सुविधाएं
नए अस्पताल में चार ऑपरेशन थिएटर और 6 बेड का डायलिसिस वार्ड प्रस्तावित है। इसके अलावा बर्न वार्ड की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
मरीजों की जांच के लिए X-Ray, CT Scan, MRI और Ultrasound जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल में पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी और पुनर्वास सेवाओं की भी व्यवस्था प्रस्तावित है।
सामान्य और निजी वार्ड के साथ मरीजों के लिए सुविधाएं
अस्पताल में सामान्य और निजी वार्ड के साथ मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षालय, पंजीयन और परामर्श की सुविधा होगी। इसके अलावा पार्किंग, लिफ्ट, रैंप और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
300 बेड के नए अस्पताल और 30 बेड के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से रायगढ़ जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। एक ही परिसर में आपातकालीन, विशेषज्ञ और गंभीर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होने से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


