Raigarh Crime: जूटमिल पुलिस ने मिनीमाता चौक पर हुई लूट और बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमले के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने एक बालिग आरोपी गणेश सारथी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बटन चाकू बरामद किया गया है।
Raigarh Crime: रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में सामने आई लूट और चाकूबाजी की दो घटनाओं की जांच करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर की रात मिनीमाता चौक के पास एक युवक से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटा गया था। इसी रात बजरंगपारा में 17 वर्षीय किशोर पर भी चाकू से हमला किया गया। जांच के दौरान दोनों घटनाओं में दो विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई, जबकि गणेश सारथी भी एक वारदात में शामिल पाया गया।

मिनीमाता चौक के पास युवक से लूट
4 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग और मिनीमाता चौक के बीच रेलवे पटरी के पास रितेश कुमार जैन का रास्ता रोककर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर नुकीले चाकू से उसके सीने पर हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने रितेश के पास मौजूद 300 रुपए और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 603/2026 दर्ज कर BNS की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई। पुलिस ने वारदात के बाद संदिग्धों की पहचान और तलाश के लिए टीम सक्रिय की।
17 वर्षीय किशोर पर भी चाकू से हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी रात बजरंगपारा निवासी 17 वर्षीय किशोर के साथ भी आरोपियों ने विवाद किया था। पुलिस के मुताबिक दो विधि से संघर्षरत बालकों ने गणेश सारथी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर किशोर से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज की गई और उसके पेट में चाकू से वार कर आरोपी मौके से निकल गए।
इस मामले में जूटमिल पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 607/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में हत्या के प्रयास समेत BNS की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना की जा रही है।
48 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन और जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य जानकारी के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने वारदात के बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में गणेश सारथी के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल बटन चाकू और हाथ में पहना जाने वाला लोहे का कड़ा बरामद किया है।
आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों विधि से संघर्षरत बालकों और बालिग आरोपी गणेश सारथी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। जांच में उनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट जैसे मामलों में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है।
मामले में दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को लूट और हत्या के प्रयास से जुड़े प्रकरण में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं बालिग आरोपी गणेश सारथी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले में फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसएसपी बोले- गंभीर अपराधों पर जारी रहेगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि चाकूबाजी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जूटमिल पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव, सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार पाठक, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, नरेश रजक, संजय एक्का और राकेश कुमार नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
