Raigarh Cricket News : क्रिकेट में रायगढ़ का कमाल, चार खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की राज्य स्तरीय टीम में चयन

Advertisement

रायगढ़। क्रिकेट के मैदान पर रायगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। जिले के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों में हुआ है। इनमें अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। इस उपलब्धि से जिला क्रिकेट संघ और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य की टीम में बनाई जगह

जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचंद्र शर्मा ने बताया कि बीसीसीआई के आदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार जिला क्रिकेट संघ रायगढ़ की ओर से अंडर-16 एवं अंडर-19 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर जिले के चार खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की टीम में स्थान मिला है।

चयनित खिलाड़ियों में अंकित मिश्रा ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर अंडर-19 की टेस्ट टीम में जगह बनाई है। वहीं अनूप चौबे और चंद्र प्रकाश साहू का चयन छत्तीसगढ़ की अंडर-16 टीम में हुआ है। इसके अलावा अंकुश कुमार ने अंडर-19 के एलीट मैचों की प्लेट कंबाइंड टीम में स्थान हासिल किया है।

किसी ने गेंदबाजी तो किसी ने ऑलराउंड प्रदर्शन से बनाई पहचान

जिला क्रिकेट संघ के अनुसार, अंकित मिश्रा और अनूप चौबे तेज गेंदबाज हैं, जबकि चंद्र प्रकाश साहू और अंकुश कुमार ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और राज्य स्तर पर खेलने का अवसर हासिल किया।

जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संतोष पांडेय और सचिव रामचंद्र शर्मा सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

उन्हें बधाई देने वालों में संतोष मिश्रा, महेश्वर मिश्रा, पंकज वेदर बोहिदार, जफरुल्लाह सिद्दीकी, अभिषेक गुप्ता, शानू भयानी, राजा गोरख, अमित कुंवर, महेश दधीचि, विशाल सिंघानिया, महेश वर्मा, चंद्रेश यादव, खिलेश कुमार, कोषाध्यक्ष आशीष शर्मा और किशोर पटनायक सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने चयनित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राज्य स्तर पर भी अपने प्रदर्शन से रायगढ़ जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

Share This Article