Raigarh Cleanliness Review : महापौर जीवर्धन चौहान का सख्त संदेश, वार्ड से अनुपस्थित मिले तो होगी कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

सफाई व्यवस्था और डेंगू रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक, फॉगिंग, नालियों की सफाई और कचरा उठाव के दिए निर्देश

रायगढ़। Raigarh Cleanliness Review के तहत नगर निगम सभाकक्ष में महापौर जीवर्धन चौहान ने सफाई दरोगाओं एवं सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक लेकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की सफाई नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वार्ड में कभी भी करूंगा निरीक्षण, अनुपस्थित मिले तो होगी कार्रवाई

महापौर जीवर्धन चौहान ने सभी सफाई दरोगाओं और सुपरवाइजरों को निर्धारित समय तक अपने-अपने वार्डों में उपस्थित रहकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे किसी भी समय किसी भी वार्ड का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। यदि निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारी वार्ड में अनुपस्थित मिला या सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

नालियों की सफाई और शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

महापौर ने कहा कि केवल उपस्थिति दर्ज कराना पर्याप्त नहीं है। वार्डों में नियमित सफाई, नालियों की सफाई, समय पर कचरा उठाव तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर में स्वच्छ वातावरण बना रहे।

डेंगू रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

बरसात के मौसम को देखते हुए महापौर ने डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों की नियमित निगरानी, फॉगिंग, लार्वा नाशक दवा के छिड़काव और स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में लापरवाही के कारण बीमारी फैलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी रमेश तांती, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सफाई दरोगा एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article