रायगढ़: 14 चक्का ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे थे 46 गौवंश, 7 की मौत; 39 का सुरक्षित रेस्क्यू

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बरसापाली जंगल क्षेत्र में एक 14 चक्का ट्रक से कुल 46 गौवंश बरामद किए। इनमें 7 गौवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ भेजा गया है। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर ट्रक छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

जंगल के रास्ते हो रही थी तस्करी

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को रात करीब 2:20 बजे धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक के जरिए जंगल के रास्ते गौवंश को तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े ने पुलिस टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर रवाना कर घेराबंदी कराई।

पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही ट्रक में सवार लोग वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 46 गौवंश

पुलिस ने जंगल में तिरपाल से ढके लावारिस ट्रक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक के अंदर 46 गौवंश बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। इनमें 7 गौवंश मृत पाए गए।

पुलिस टीम ने तत्काल जीवित गौवंश को ट्रक से बाहर निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू किया। 39 जीवित गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ रखा गया है।

फरार तस्करों की तलाश जारी

धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक और फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

पुलिस ने लोगों से की अपील

रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता या संदिग्ध तरीके से पशुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जिले में गौवंश तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Advertisement
Share This Article