बिलासपुर। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान मानसून के दौरान जन-सुरक्षा और किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिले के सभी पुल-पुलियों का तत्काल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी क्षति या दुर्घटना की आशंका हो, वहां बिना विलंब मरम्मत कराई जाए। साथ ही बांसाझाल पुल की मरम्मत शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
खरीफ सीजन की समीक्षा के दौरान उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में लगभग 85 प्रतिशत बोनी पूरी हो चुकी है और धान की रोपाई तेजी से जारी है। रोपाई का कार्य 15 अगस्त तक पूर्ण होने की संभावना है। किसानों की सुविधा के लिए समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है।

कलेक्टर ने सड़कों पर बैठे आवारा मवेशियों से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए दिन-रात विशेष निगरानी रखने और मवेशियों को सुरक्षित रूप से गोठानों तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं वंदे मातरम अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत कार्यों एवं विभागीय दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के नाम 11 अगस्त तक प्रस्तावित किए जाएं, ताकि उन्हें 15 अगस्त के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में अच्छी वर्षा से अधिकांश जलाशय भर चुके हैं। यदि किसी जलाशय से पानी छोड़ा जाना हो तो प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को पहले से सूचना देना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि फसलों एवं संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सके।
बैठक में अग्रिस्टेक पंजीयन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी धान खरीदी के लिए किसानों का अग्रिस्टेक पंजीयन अनिवार्य है। इसलिए समिति स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से सभी पात्र किसानों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री पोर्टल और सुशासन तिहार के लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)




