रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 16 अगस्त 2026
उसलापुर रेवे स्टेशन में शुरू हुआ प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट
यात्रियों को मिलेगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाली खानपान सुविधा
बिलासपुर। यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर बेहतर, स्वच्छ, सुविधाजनक और उच्च गुणवत्ता वाली खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट की शुरुआत की गई है।
इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आधुनिक वातावरण के साथ प्रतिष्ठित ब्रांड के गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। यह पहल यात्रियों के खानपान अनुभव को बेहतर बनाने के साथ रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं में आधुनिकता और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट
उल्लेखनीय है कि उसलापुर रेलवे स्टेशन पर शुरू किया गया यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट है। इसके माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित खाद्य एवं पेय ब्रांड की सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
आउटलेट में यात्रियों को स्वच्छ, ताजा, गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों और ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के बीच कम समय में भोजन या जलपान की जरूरत वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।
आधुनिक सुविधा से बेहतर होगा यात्रियों का अनुभव
उसलापुर स्टेशन पर प्रीमियम कैटरिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर खानपान के विकल्प मिलेंगे। आधुनिक स्वरूप, स्वच्छता, गुणवत्ता और सुविधाजनक सेवा का यह संयोजन यात्रियों के यात्रा अनुभव को और सुखद एवं आरामदायक बनाने में मदद करेगा।
यात्री सुविधा और आधुनिकता पर रेलवे का जोर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के क्रम में शुरू की गई यह सुविधा ‘यात्री सुविधा, गुणवत्ता और आधुनिकता’ के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उसलापुर स्टेशन पर इस तरह की प्रीमियम सुविधा शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर खानपान का आधुनिक विकल्प उपलब्ध हो गया है।




