बलरामपुर-रामानुजगंज से खबर है, जहां पुलिस अब गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है… चलित थाना पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है…
इस पहल के तहत पुलिस टीम न सिर्फ ग्रामीणों की समस्याएं सुन रही है, बल्कि मौके पर ही उनका समाधान भी कर रही है…
अभियान के दौरान आमजन को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है… लोगों को बताया जा रहा है कि ओटीपी किसी के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहें… साथ ही साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी जा रही है…

वहीं पुलिस गांवों में पहुंचकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर रही है… नशा किस तरह मानसिक, शारीरिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है, इस पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है… और युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की जा रही है…
इसके अलावा बाल विवाह, लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, दहेज प्रथा, टोनही प्रताड़ना और बाल श्रम जैसे गंभीर विषयों पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है… महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाकर उन्हें सजग और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है…
यातायात सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सक्रिय नजर आ रही है… लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है…
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें… साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी…
इस अभियान के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ी है और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी लगातार मजबूत हो रही है…


