रायगढ़ में त्योहार के बीच गुंडागर्दी पर पुलिस की सख्ती, युवक पर जानलेवा हमले के मामले में 6 गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

पुरानी रंजिश में चाकू-डंडे से हमला करने का आरोप, आरोपियों से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चेन बरामद

रायगढ़, 2 सितंबर 2026। त्योहारों के बीच शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बदमाशों को अपराध से दूर रहने की समझाइश देने के अगले ही दिन कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर कथित रूप से चाकू, डंडे और अन्य हथियारों से हमला करने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर का टुकड़ा और साइकिल की चेन बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक दिन पहले पुलिस ने बदमाशों को दी थी सख्त हिदायत

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में त्योहारों के दौरान शहर की शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और राहुल उईके ने शहर के बदमाशों को थाना चक्रधरनगर परिसर में बुलाकर अपराध और विवाद से दूर रहने की सख्त समझाइश दी थी।

इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

बापूनगर में युवक को रास्ते में घेरकर हमला करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे बापूनगर निवासी सुषमा दीप ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनका बेटा पालेश्वर दीप गुटखा लेने के लिए घर से निकला था। हनुमान मंदिर के आगे बापूनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कृष्णा डोंगरे और उसके साथियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और चाकू से हमला कर दिया।

हमले में पालेश्वर के सिर, माथे, पेट और दाहिने हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया।

मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 477/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 351(3) और 115(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं

घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के कथनों के आधार पर जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना केवल मारपीट तक सीमित नहीं थी, बल्कि जान से मारने की नीयत से हमला किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद प्रकरण में बीएनएस की धाराएं 109(1), 190, 191(2) और 191(3) भी जोड़ी गईं।

अलग-अलग आरोपियों से हथियार बरामद

पुलिस पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए कथित हथियार और अन्य वस्तुएं बरामद की गईं।

  • सेवक साण्डे से स्टील का चाकू
  • देवेन्द्र कन्द्र से लोहे का पंच
  • सोहन साण्डे से पत्थर का टुकड़ा
  • अलिस साण्डे से पुरानी साइकिल की चेन

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी 1 सितंबर की शाम से देर रात तक की गई।

गिरफ्तार किए गए छह आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बापूनगर, रायगढ़ के निवासी हैं।

सभी को बुधवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का स्पष्ट संदेश—त्योहार में अशांति फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस के अनुसार अपराधियों को पहले समझाइश दी जा रही है, लेकिन उसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति हिंसा, मारपीट या दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा और कीर्ति राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article