कुड़ेकेला :- रायगढ़ जिले में कर्तव्य के साथ मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पुलिस और पार्षद द्वारा एक लावारिस वृद्ध महिला के शव का विधिवत क्रियाकर्म कराया गया। बीते शुक्रवार को धरमजयगढ़ नगर के पीपरमार मोहल्ले में स्थित कचरा गोदाम के पास एक अज्ञात महिला का शव देखा गया।
जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए सनसनी मच गई। खेत में एक अज्ञात महिला का शव होने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। इस मामले की जानकारी होने पर वार्ड पार्षद जानू सिदार और पीपरमार वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद सुरेश राठिया मौके पर पहुंचे।
मृतक महिला की तत्काल पहचान न होने से पुलिस और पार्षद जानू सिदार के सहयोग से अज्ञात वृद्ध महिला के शव का विधिवत कफन, दफन कराया गया और मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक महिला बीते कुछ दिनों से नगर में घूम रही थी और उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इस मामले में पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया है।


