पीएम किसान सम्मान निधि योजना: छत्तीसगढ़ के किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर

2 Min Read

रायपुर, छत्तीसगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी Guwahati से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में लगभग 18,650 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।

छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों को भी इस योजना से बड़ी राहत मिली, जिनके खातों में कुल 498.83 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कार्यक्रम

राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रदेश के किसानों के लिए विशेष महत्व रखता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को हर वर्ष तीन किस्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो उनकी खेती-किसानी में मददगार साबित होती है।

किसानों के हित में राज्य सरकार की पहल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक इस योजना के माध्यम से 11,283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार बनने के बाद किसानों को बोनस राशि प्रदान की गई और 13 लाख किसानों के खातों में 3,716 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए।

धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है और किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के दर से भुगतान किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर भुगतान किसानों के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।

कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले अंतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

TAGGED:
Share This Article