खेत में मिला शव, पैसों के विवाद में हत्या की बात आरोपी ने कबूली, घटना में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े जब्त
रायगढ़ के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम परसकोल में 28 फरवरी की रात हुए अंधे हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर पुलिस और विशेषज्ञों ने किया गहन निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ और पुलिस डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतक के शरीर पर पेट, गले और अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार के निशान पाए गए।
पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद में हुई हत्या
मृतक के परिवार से मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल यादव (20 वर्ष), पिता भुजबल यादव, निवासी ग्राम बगबुडवा, खरसिया को हिरासत में लिया। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि दो माह पूर्व उसने नौकरी लगाने की बातचीत के एवज में मृतक को 3000 रुपये दिए थे। रकम वापस मांगने पर विवाद हुआ और 28 फरवरी की रात उसने कन्या छात्रावास के पास चाकू से कई वार कर हत्या कर दी और मोटरसाइकिल पैशन प्रो (सीजी-13-व्ही-8933) से घर लौट गया।
पुलिस ने जब्त की अहम वस्तुएं और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में एसडीओपी खरसिया, थाना प्रभारी, साइबर थाना और पुलिस डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हर गंभीर अपराध में आरोपियों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जघन्य अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।”
रायगढ़ में परसकोल युवक हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
