शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर सख्त कदम उठाए जाएंगे, डीईओ ने जिला अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चे का जाना हाल
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। विद्यालय प्रवेश से जुड़े मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे। पेंड्रा के कोड़गार क्षेत्र के एक बच्चे का प्रवेश को लेकर मामला सामने आया था। तबीयत बिगड़ने पर बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी तत्काल अस्पताल पहुंचे और भर्ती बीमार बच्चे से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना।
उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर उपचार की जानकारी ली और बच्चे को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को कहा। चिकित्सक ने बच्चे की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी और कहा कि अब परिजन बच्चे को घर ले जा सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य को निर्देश दिए कि बच्चे के स्वस्थ होते ही विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बच्चे का स्वास्थ्य पहली प्राथमिकता है। साथ ही किसी भी बच्चे का प्रवेश रोका नहीं जाएगा। शासन की मंशा है कि हर बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाया जाए। लापरवाही करने वाले पर कार्रवाई होगी।
बच्चे के माता-पिता द्वारा बताया गया कि बच्चा केवल प्रवेश आवेदन पत्र लेकर आया था, उसे अभी जमा नहीं किया गया था। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आवेदन पत्र लाना ही पर्याप्त नहीं है, उसे जमा भी करना पड़ता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आठवीं कक्षा में उत्तीर्ण हुए बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण पत्र उनके पास के विद्यालयों को स्वतः ही सौंप दिया जाता है और प्रवेश करा दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रवेश के नाम पर किसी भी विद्यालय में पालकों को परेशान न किया जाए। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर सख्त कदम उठाए जाएंगे।




