जगदलपुर में 32 किलो से अधिक गांजा जब्त, राजस्थान के दो युवक गिरफ्तार; 16.40 लाख का माल बरामद

Advertisement
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट पुलिस ने जगदलपुर के नए बस स्टैंड के पीछे घेराबंदी कर राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से 32 किलो 813 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है। दोनों युवक बस का इंतजार कर रहे थे और गांजे को रायपुर के रास्ते आगे ले जाने की तैयारी में थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड के पीछे दो युवक लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बस से रवाना होने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की योजना बनाई गई। थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों युवक

पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पालेन्द्र चौधरी (20 वर्ष) और धर्मेंद्र कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों राजस्थान के डिंग जिले के निवासी बताए गए हैं।

सात पैकेट में मिला 32.813 किलो गांजा

पुलिस ने दोनों युवकों के ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसमें सात पैकेट में गांजा रखा मिला। तौल करने पर कुल 32 किलो 813 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी बाजार कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत के दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 2,100 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर भेजा जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद 7 नवंबर को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, PSI अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग और सुनील मनहर सहित आरक्षक विजय तिर्की, राजेश कश्यप, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, रामचंद साहू और अजीत सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई जारी

बस्तर पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत बोधघाट पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Share This Article