“संगठन या सिफारिश? कोरबा युवा मोर्चा की नई सूची ने खड़े किए कई सवाल”

2 Min Read

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा की हाल ही में जारी जिला कार्यकारिणी सूची के बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। सूची सामने आते ही कई पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की है और संगठन के भीतर गुटबाजी के आरोप लगने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि वर्षों से पार्टी के लिए सक्रिय रहे कई समर्पित कार्यकर्ताओं को इस बार जिम्मेदारी नहीं दी गई, जबकि कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण पदों पर जगह मिल गई। इससे संगठन के भीतर असंतोष की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।



राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि संगठन में मेहनत और समर्पण से ज्यादा सिफारिश और गुटबाजी को प्राथमिकता दी जाएगी, तो इसका असर जमीनी स्तर पर पड़ सकता है। कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के लिए वर्षों से मेहनत करने वालों को नजरअंदाज करना उनके मनोबल को कमजोर करता है।



वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि संगठन के भीतर अब खुलकर गुटबाजी दिखाई देने लगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस स्थिति को नहीं संभाला गया तो इसका असर आने वाले चुनावों में भी देखने को मिल सकता है।



फिलहाल जिले की राजनीतिक फिजा में यही सवाल गूंज रहा है कि क्या संगठन में चल रही अंदरूनी खींचतान भाजपा के लिए आगे चलकर मुश्किलें खड़ी कर सकती है?

Share This Article