Operation Prahar: 10 चक्का ट्रक से 23.880 टन अवैध स्क्रैप जब्त, ट्रक समेत करीब ₹18 लाख की संपत्ति जब्त

Advertisement

Operation Prahar: रायगढ़ पुलिस के अवैध कबाड़ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से 23.880 टन स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9.57 लाख रुपये है, जबकि ट्रक समेत कुल जब्ती करीब 18 लाख रुपये की है।

रायगढ़, 8 अक्टूबर। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात प्लांट की ओर जा रहे 10 चक्का ट्रक को रोककर उसमें लोड 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप जब्त किया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को पकड़ा।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ लोड मिला।

दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

पुलिस ने ट्रक चालक स्युवीर सिंह, पिता गुरुदयाल सिंह, उम्र 51 वर्ष, निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा से स्क्रैप के संबंध में पूछताछ की।

चालक ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक वह कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक में लोड स्क्रैप का वजन कराया। कांटा कराने पर कुल 23.880 टन यानी 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप पाया गया।

9.57 लाख के स्क्रैप समेत 18 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस के मुताबिक जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये है। अवैध स्क्रैप के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 10 चक्का ट्रक को भी जब्त किया गया है। स्क्रैप और वाहन समेत कुल जब्ती करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में आरोपी स्युवीर सिंह के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026, धारा 35(क)(5) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूंजीपथरा थाना प्रभारी श्री रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में की गई।

एसएसपी ने कहा- अवैध कारोबार के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article