रायगढ़ के कापू थाना पुलिस की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल सब्बल और टंगिया बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू थाना पुलिस ने पत्नी और ससुर पर जानलेवा हमला कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सब्जी को लेकर विवाद के बाद पत्नी और ससुर पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ग्राम चैनपुर (थाना सीतापुर, जिला सरगुजा) निवासी जेरोमिना किस्पोट्टा (30) ने कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ अपने मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थीं।
रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी पति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे के सब्बल से पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पीड़िता के पिता रघुराम किस्पोट्टा पर भी आरोपी ने धारदार टंगिया से वार किया। चिकित्सीय परीक्षण में रघुराम किस्पोट्टा की चोटों को गंभीर (Grievous Injury) बताया गया।
फरारी के दौरान पुलिस ने सरगुजा से दबोचा
पीड़िता की शिकायत पर कापू थाना में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 118(2) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश के दौरान थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम चैनपुर में घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा (35) को गिरफ्तार किया।
हमले में प्रयुक्त हथियार जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया बरामद कर जब्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव एवं कापू थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या किसी भी अन्य कारण से हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया हमला परिवार और समाज दोनों के लिए गंभीर परिणाम लेकर आता है तथा ऐसे मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


