ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़ में दो जगह जुआ रेड, छह आरोपी गिरफ्तार; 9,400 रुपये नकद जब्त

Advertisement

बाउलीकुआं और ढिमरापुर में काट-पत्ती खेलते पकड़े गए आरोपी, ताश की दो गड्डियां और दो प्लास्टिक बोरियां भी जब्त

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 9,400 रुपये नकद, 52-52 पत्ती की दो ताश गड्डियां और दो प्लास्टिक बोरियां जब्त की हैं। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

बाउलीकुआं में तीन आरोपी पकड़े गए

कोतवाली पुलिस को 23 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाउलीकुआं के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताशपत्ती से काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन लोगों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान निखिल देवांगन (27 वर्ष), महेश देवांगन (30 वर्ष) और पुरुषोत्तम देवांगन (31 वर्ष), निवासी बाउलीकुआं, कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे और जुआ फड़ से 5,200 रुपये नकद, 52 पत्ती की ताश गड्डी और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की।

ढिमरापुर में भी पुलिस की दबिश

दूसरी कार्रवाई दीनदयाल कॉलोनी, ढिमरापुर के पास की गई। पुलिस को यहां भी कुछ लोगों के काट-पत्ती नामक जुआ खेलने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुमेश वासुदेव (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती ढिमरापुर; राजेश पटनायक (28 वर्ष), निवासी इंदिरानगर; और राजेश यादव (41 वर्ष), निवासी दीनदयाल कॉलोनी ढिमरापुर, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे और जुआ फड़ से 4,200 रुपये नकद, 52 पत्ती की ताश गड्डी और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की।

जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान जारी

दोनों कार्रवाई में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 9,400 रुपये नकद समेत जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Share This Article