ऑपरेशन आघात: अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

भूपदेवपुर में 35 पाव अंग्रेजी शराब और तमनार में 17 लीटर महुआ शराब जब्त, कुल 23.3 लीटर शराब के साथ 200 रुपये बिक्री की रकम बरामद

रायगढ़, 10 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत भूपदेवपुर और तमनार पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 23.3 लीटर अवैध शराब और शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

भूपदेवपुर में पैदल शराब ले जाते पकड़े गए दो आरोपी

भूपदेवपुर पुलिस को 9 सितंबर को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति किरोड़ीमल नगर की ओर से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर भूपदेवपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मुख्य मार्ग स्थित बाजार चौक के पास नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए से मिलते-जुलते दो युवक थैला लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

थैले से मिले 35 पाव सिंडिकेट व्हिस्की

पूछताछ में आरोपियों की पहचान विकास कुमार यादव (21 वर्ष), निवासी किरीतमाल और ब्रिजेश यादव (28 वर्ष), निवासी किरोड़ीमल नगर, थाना कोतरारोड़, हाल मुकाम किरीतमाल के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद थैले से 35 पाव अंग्रेजी सिंडिकेट व्हिस्की बरामद हुई। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 6.300 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 4,200 रुपये बताई गई है।

दोनों के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

तमनार में बाड़ी में छिपाकर रखी थी महुआ शराब

इधर, 10 सितंबर को तमनार पुलिस को सूचना मिली कि सिदारपारा-मिलुपारा निवासी कन्हैया सारथी अपने घर में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत रावे ने पेट्रोलिंग टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम गवाहों के साथ आरोपी के घर पहुंची और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने महुआ शराब बेचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घर की कोलाबाड़ी में घुरना के पास छिपाकर रखी 17 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 3,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से शराब बिक्री की 200 रुपये नकद राशि भी जब्त की।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी रिमांड पर

कन्हैया सारथी के खिलाफ थाना तमनार में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया।

तमनार पुलिस की कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगलकिशोर यादव, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत और आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार शामिल रहे।

नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी

रायगढ़ पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और इससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करना है।

Share This Article