खरसिया में IPL फाइनल पर चल रहा 32 लाख का ऑनलाइन सट्टा रैकेट पकड़ा, ऑपरेशन अंकुश में दो गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़/खरसिया | 01 जून 2026

GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़
रायगढ़ पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत खरसिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना साइबर और चौकी खरसिया की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि सिंडिकेट से जुड़े तीन अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।

मुखबिर की सूचना पर गंज बाजार में दी गई दबिश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में साइबर थाना एवं खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई की।

दो सटोरिए गिरफ्तार, मोबाइल से मिले ऑनलाइन सट्टे के साक्ष्य
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। आरोपियों ने रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट संचालित करने की जानकारी दी। उनके कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल जब्त किया गया, जिनमें ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।

साहिल अग्रवाल के ठिकाने से 31.99 लाख रुपये नकद बरामद
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में साहिल अग्रवाल के निवास पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान वहां से दो बैग और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। बैगों की जांच में 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद मिले, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

संगठित अपराध की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन कर रहे थे। इस पर गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पहले भी सट्टे के मामले में सामने आ चुका है आरोपी का नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इसी वर्ष मार्च में थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे की कार्रवाई में उसका नाम सामने आया था।

एसएसपी का सख्त संदेश, सट्टेबाजों पर जारी रहेगा शिकंजा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सट्टा कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

गिरफ्तार आरोपी

  • गगन अग्रवाल, निवासी गंज बाजार, खरसिया
  • शुभम अग्रवाल उर्फ कालू, निवासी गंज बाजार, खरसिया

जब्त सामग्री

  • नकदी : 31,99,700 रुपये
  • 02 मोबाइल फोन
  • नोट गिनने की मशीन

 

Advertisement
Share This Article