रायगढ़ के जगतपुर में घर में घुसकर मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

3 Min Read
Advertisement

रायगढ़, 22 मार्च 2026।
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुर रामभांठा में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

रात में घर के बाहर विवाद से शुरू हुई घटना, मारपीट तक पहुंचा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी शाहरुख वारसी (30 वर्ष), निवासी जगतपुर रामभांठा आवास कॉलोनी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19-20 मार्च 2026 की रात लगभग 12 बजे कुछ लोगों द्वारा उनके घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटा गया। दरवाजा खोलने पर उनकी मां ने बाहर देखा तो साहिल एक्का और विक्की उर्फ मनीष जाटवर खड़े थे।

विरोध करने पर गाली-गलौच और फिर हमला
दरवाजा पीटने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। शोर सुनकर शाहरुख वारसी बाहर आए और समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने हाथ-मुक्का और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। बीच-बचाव के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने सघन पतासाजी करते हुए चंद घंटों में मुख्य आरोपी साहिल एक्का (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त, आरोपी ने किया अपराध स्वीकार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक स्टील का चाकू भी जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दोनों आरोपी आदतन बदमाश, पूर्व में भी रहे हैं आपराधिक मामलों में संलिप्त
पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल एक्का और मनीष जाटवर उर्फ विक्की दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी झगड़ा, मारपीट एवं चोरी जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश, असामाजिक तत्वों पर होगी लगातार कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गुंडागर्दी और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी: साहिल एक्का (22 वर्ष), निवासी रामभांठा, जवाहरनगर लोहरापारा, थाना कोतवाली रायगढ़
फरार आरोपी: मनीष जाटवर उर्फ विक्की (तलाश जारी)

Share This Article