स्व. परखीत साहू की द्वितीय पुण्यतिथि पर पुत्र भागवत साहू ने वृद्धाश्रम में किया वस्त्र एवं फल वितरण

रायगढ़। स्वर्गीय श्री परखीत साहू की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्र एवं सार्वजनिक कार्यकर्ता भागवत साहू ने सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को वस्त्र एवं फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने पिता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

वृद्धजनों की सेवा का लिया संकल्प

इस अवसर पर भागवत साहू ने आशा निकेतन वृद्धाश्रम (सियान सदन) पहुंचकर वहां निवासरत असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों को वस्त्र और फल भेंट किए। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने तथा समाज सेवा को अपने जीवन का संकल्प बनाए रखने की बात कही।

संस्था की ओर से भागवत साहू के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। साथ ही समाज के अन्य लोगों से भी दिव्यांगजनों, असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई। संस्था ने उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की कामना की।

बुजुर्गों की सेवा नैतिक जिम्मेदारी : भागवत साहू

भागवत साहू ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनकी सेवा करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारा नैतिक कर्तव्य भी है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में मानवता, सहयोग और आपसी प्रेम की भावना मजबूत होती है।

Share This Article