कब्रिस्तान में स्वच्छता अभियान, गुरुद्वारा में सुखमनी साहिब पाठ, अस्पताल में फल वितरण और मजार पर चादर चढ़ाकर की दीर्घायु की कामना
रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायगढ़ नगर मंडल भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने विभिन्न सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए। दिनभर चले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लिया और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुस्लिम कब्रिस्तान में चलाया स्वच्छता अभियान
सेवा संकल्प दिवस की शुरुआत सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बेलादुला मुस्लिम कब्रिस्तान में स्वच्छता सेवा के साथ हुई। महापौर जीवर्धन चौहान ने अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ परिसर में साफ-सफाई की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और बेहतर वातावरण बनाए रखना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गुरुद्वारा में सुखमनी साहिब पाठ और अरदास
इसके बाद सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक कोतरा रोड सोनिया नगर स्थित श्री गुरु नानक दरबार साहिब गुरुद्वारा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया सहित मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और सुखमनी साहिब पाठ एवं अरदास में शामिल हुए।
इस अवसर पर देश में शांति, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की गई। सेवा एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर भी चर्चा हुई।
जिला अस्पताल में मरीजों और परिजनों को बांटे फल
सेवा संकल्प अभियान के तहत किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में मरीजों और उनके परिजनों के बीच फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री पावन अग्रवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित शर्मा और जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष असलम हुसैन मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके परिवारों के सुख-शांति की कामना की।
मजार पर चादर चढ़ाकर अमन-चैन की दुआ
शाम 6 बजे नटवर स्कूल रोड स्थित बाबा हजरत नजरुल्लाह शाह की मजार पर अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे। यहां श्रद्धापूर्वक चादर चढ़ाई गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
इस दौरान देश में अमन-चैन, एकता, भाईचारे और खुशहाली के लिए भी दुआ की गई।
‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान
रायगढ़ जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुई। सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
एक महीने तक चलेंगी विभिन्न सेवा गतिविधियां
रायगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जागरूकता और अन्य जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन की जानकारी दी गई है।
अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए सेवा, सद्भाव, सामाजिक सहयोग और जनकल्याण की भावना के साथ मनाया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रमों में महापौर जीवर्धन चौहान, भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया, प्रदेश मंत्री रविन्द्र सिंह भाटिया, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश जैन, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री गुरविंदर सिंह घई, प्रदेश सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल, बलबीर शर्मा, प्रदेश हज कमेटी सदस्य गुलाम रहमान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मेहरून निशा, अयूब अली, मो. आवेश, पार्षद पंकज कंकरवाल, नवाब खान नब्बू, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष असलम हुसैन, जिला महामंत्री साहिल मनियार, जिला उपाध्यक्ष आशिया बानो, जिला मंत्री परमजीत भाटिया, रितेश जैन, सुंदर सिंह बल, सलमा बेगम, जिला मीडिया प्रभारी रईस अंसारी, नीति प्रभारी वंदना बोध, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गणेश यादव, रायगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष जफर मलिक, मंडल महामंत्री नियाज खान सहित गुरुद्वारा सचिव गुरुमीत सिंह पोथीवाल, भरपूर सिंह भाटिया, अमरजीत सिंह भाटिया, त्रिवेंद्र सिंह राठौर, राहुल सिंह भाटिया, शेख समीउल्लाह, सतीश पांडे, अनूप जायसवाल सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




