नारायणपुर के अदनार जंगल में नक्सलियों का पुराना हथियार डंप बरामद, 10 राइफल समेत विस्फोटक जब्त

Advertisement
Advertisement

नारायणपुर। नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने ग्राम अदनार के जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता लगाया है। मौके से 10 राइफल, बीजीएल शेल, कारतूस और करीब 2 किलोग्राम विस्फोटक सहित बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया है।

संयुक्त सर्चिंग के दौरान मिला डंप

जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम अदनार के आसपास के दुर्गम जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान अदनार गांव के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल के भीतर सुरक्षा बलों को संदिग्ध स्थान मिला। तलाशी लेने पर वहां नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का पुराना डंप बरामद हुआ।

हथियार और गोला-बारूद बरामद

सुरक्षा बलों ने डंप से .303 राइफल एक नग, .315 राइफल चार नग और 12 बोर की पांच राइफल बरामद की हैं। इसके अलावा दो बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, एक टेलिस्कोपिक साइट, 13 जीवित बीजीएल शेल और 12 बोर के 16 कारतूस भी मिले हैं।

करीब दो किलो विस्फोटक भी मिला

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को लगभग 2 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ भी बरामद हुआ है। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नक्सल मुक्त क्षेत्र में भी जारी है सर्च ऑपरेशन

नारायणपुर जिले को नक्सल गतिविधियों के अवशेषों से पूरी तरह मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार एरिया डॉमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके इलाकों में भी पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक डंप की तलाश की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और 129वीं वाहिनी बीएसएफ के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। संयुक्त अभियान के जरिए अंदरूनी एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ नक्सली गतिविधियों से जुड़े पुराने संसाधनों को तलाशकर निष्क्रिय करने की कार्रवाई जारी है।

Advertisement
Share This Article