धरमजयगढ़ के मीरिगुड़ा गांव में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर हड़कंप, पुलिस ने पहुंचकर की जांच

By
Advertisement

प्रतीक मल्लिक ✍️

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा, मौके पर पहुंची पुलिस टीम

धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मीरिगुड़ा गांव में रविवार को कथित धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पदाधिकारियों ने दी सूचना

बताया जा रहा है कि गांव में एक घर में कुछ लोगों के एकत्र होने और प्रार्थना सभा जैसी गतिविधि की जानकारी सामने आई थी। सूचना मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष समय अग्रवाल ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पार्षद जानू सिदार और भाजपा युवा मोर्चा मंडल मंत्री गुलशन जायसवाल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

घर में दो दर्जन से अधिक लोग मिले एकत्रित

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मीरिगुड़ा गांव के एक घर में करीब दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद थे। वहां एक व्यक्ति सभा को संबोधित कर रहा था। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर संबंधित व्यक्ति ने बताया कि किसी को जबरन या दबाव डालकर नहीं बुलाया गया है।

पुलिस ने की तस्दीक, लोगों को दी समझाइश

मौके पर स्थिति की जांच और पूछताछ के बाद थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

गोपनीय गतिविधियों से बचने की दी चेतावनी

थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने कहा कि सामूहिक और गोपनीय तरीके से होने वाली गतिविधियां संदेह की स्थिति पैदा करती हैं, जिससे अनावश्यक तनाव भी बढ़ सकता है। उन्होंने हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी किसी भी संदेहास्पद स्थिति की जानकारी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में स्थिति सामान्य, पुलिस सतर्क

पुलिस की जांच और समझाइश के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

Share This Article