रायपुर, 18 जून । महाराष्ट्र मंडल, रायपुर, छत्तीसगढ़-मित्र तथा जय जोहार साहित्य एवं संस्कृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पं. माधवराव सप्रे जयंती समारोह के अवसर पर “हिंदी पत्रकारिता के विकास में पं. माधवराव सप्रे का योगदान” विषयक एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 19 जून सायं 4:00 बजे महाराष्ट्र मंडल भवन, चौबे कॉलोनी, रायपुर में किया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी, रायपुर के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्र, वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरीश पंकज तथा महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष श्री अजय मधुकर काले उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर ‘छत्तीसगढ़-मित्र पं. माधवराव सप्रे साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान–2026’ से दिल्ली के प्रतिष्ठित पत्रकार एवं अनुस्वार के संपादक डॉ. संजीव कुमार को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ‘छत्तीसगढ़-मित्र’ (जून 2026 अंक) का लोकार्पण भी अतिथियों के करकमलों से संपन्न होगा। कार्यक्रम में शकुंतला तरार की पुस्तक “हाँ! मैं अबूझमाड़ हूँ” तथा डॉ. सुधीर शर्मा की पुस्तक “व्यक्तित्व विकास में पं. माधवराव सप्रे की भूमिका” का विमोचन भी किया जाएगा।
समारोह में मराठी और हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले श्रीमती लतिका भावे (रायपुर), श्री प्रशांत कानस्कर (भिलाई), श्री अनिल पुसदकर (रायपुर), डॉ. साधना रहटगांवकर (रायपुर) तथा सुश्री वरदा जोशी (दुर्ग) का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन समिति की ओर से सुश्री कुमुद लाड महाराष्ट्र मंडल, डॉ. सुधीर शर्मा (सचिव, पं. माधवराव सप्रे शोध केंद्र) तथा डॉ. सीमा निगम (अध्यक्ष, जय जोहार साहित्य एवं संस्कृति संस्थान) ने साहित्यकारों, पत्रकारों, शोधार्थियों तथा साहित्य-प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।



