नारायणपुर पुलिस की ‘माड़ मैत्री चौपाल’ से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ा जन-विश्वास और जागरूकता

By
Advertisement
Advertisement

नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “माड़ मैत्री चौपाल” कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है।

इस क्रम में थाना एडका के ग्राम तेरदुल, थाना भरंडा के ग्राम बिंजली, थाना सोनपुर के ग्राम सोनपुर तथा थाना ओरछा के ग्राम कुड़मेल में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्राम सरपंच, पंच-जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक प्रमुखों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों को नवीन कानूनों, उनके अधिकारों तथा कानूनी जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही “माड़ मैत्री कार्यक्रम” के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की थीम “विग्रह से विश्वास” को भी विस्तार से समझाया गया।

ग्रामीणों और युवाओं को शिक्षा, खेल गतिविधियों, रोजगार, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कुछ युवाओं को “माड़ मित्र” के रूप में नामित किया गया, जिन्हें गांव और पुलिस के बीच समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये युवा गांव में होने वाली गतिविधियों, समस्याओं और असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

पुलिस द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।

नारायणपुर पुलिस द्वारा इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, संवाद और सामाजिक सहभागिता को और मजबूती मिल सके।

Advertisement
Share This Article