स्टोर, एमटी शाखा और पुलिस कैंटीन का लिया जायजा, संसाधनों के रखरखाव और अनुशासन पर दिया जोर
नारायणपुर। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने 17 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन नारायणपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्टोर शाखा, एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) शाखा, पुलिस कैंटीन सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों की स्थिति, अभिलेखों के संधारण और पुलिस कर्मियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
संसाधनों के बेहतर रखरखाव पर जोर
एसपी संदीप कुमार पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस विभाग के सभी संसाधनों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वाहनों की समय पर मरम्मत, रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता और पुलिस लाइन परिसर में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस कर्मियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत और व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दी व्यवस्थाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक श्री सोनू वर्मा एवं श्री मोहसिन खान उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं से अवगत कराया।




