बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जंगल में छिपाए गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और नक्सली साहित्य जब्त
नारायणपुर। नक्सल मुक्त घोषित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 133वीं वाहिनी बीएसएफ और नारायणपुर पुलिस ने ग्राम कदेर के समीप जंगल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, चिकित्सा सामग्री तथा नक्सली साहित्य का बड़ा जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
44 बीजीएल शेल को मौके पर किया गया निष्क्रिय
संदिग्ध स्थान की जांच बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सुरक्षा मानकों के तहत की। खुदाई के दौरान मिले 24 बड़े और 20 छोटे बीजीएल शेल (कुल 44) को सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय (डिस्पोज) कर नष्ट कर दिया गया। इसलिए इन्हें जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।
राइफल, कारतूस और संचार उपकरण सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद
सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, बीजीएल, विभिन्न प्रकार के कारतूस, मैगजीन, आरएफ डिटेक्टर, जीपीएस, एंटीना, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड, नक्सली साहित्य, वर्दी, बैनर, चिकित्सा सामग्री तथा अन्य उपयोगी सामान बरामद किया। सभी जब्त सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नक्सल मुक्त क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा अभियान
नारायणपुर पुलिस ने बताया कि नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद कर क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




