नारायणपुर: ITBP जवानों ने गर्भवती महिला का 5 किमी दुर्गम रास्ते से रेस्क्यू कर बचाई जान

Advertisement

नारायणपुर। जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान अंतर्गत ग्राम बोटेर से मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है, जहां ITBP जवानों ने एक गर्भवती महिला का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। इस दौरान जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को ग्राम बोटेर की गर्भवती महिला की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता पड़ी। सूचना मिलते ही ITBP की 29वीं बटालियन और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

सहायक कमांडेंट अनिल कुमार के नेतृत्व में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मौके पर पहुंची और लगभग 5 किलोमीटर तक घने जंगल, ऊबड़-खाबड़ और दुर्गम पहाड़ी रास्तों से स्ट्रेचर के माध्यम से महिला को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान जवानों ने कठिन परिस्थितियों और खड़ी चढ़ाइयों को पार करते हुए बेहद सतर्कता और धैर्य का परिचय दिया।

महिला को बोटेर और कुदमेल के बीच निर्धारित प्वाइंट तक लाया गया, जहां पहले से मौजूद एंबुलेंस के माध्यम से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ओरछा पहुंचाया गया। वर्तमान में महिला और नवजात दोनों सुरक्षित हैं और उनका उपचार जारी है।

सफल रेस्क्यू अभियान ITBP जवानों और नारायणपुर पुलिस के समन्वय, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने जिस तरह जान बचाने का कार्य किया, वह सराहनीय है और मानवता की मिसाल प्रस्तुत करता है।

Share This Article