रायगढ़/तमनार | 01 जून 2026
उरबा गांव में अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में ग्राम कोटवार हरिराम चौहान, उसके पुत्र आकाश चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा था घायल, उपचार से पहले हुई मौत
पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 की रात सूचना मिली थी कि ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (37) को गंभीर चोटों की हालत में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि दामोदर राठिया की मौत हो चुकी है।
मृतक के बहनोई की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला
मृतक के बहनोई अवधराम राठिया, निवासी गंजपुर (लैलूंगा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना के समय ग्राम उरबा के कोटवार हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान और एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि आकाश चौहान और नाबालिग ने चाकू से हमला किया, जबकि हरिराम चौहान ने डंडे से प्रहार किया। बीच-बचाव करने पर शिकायतकर्ता के साथ भी मारपीट की गई।
भोजन के बाद पत्तल फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था। भोजन के बाद उपयोग किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडे तथा चाकू से हमला कर दिया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद, आरोपियों को भेजा गया जेल
थाना तमनार में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी हरिराम चौहान (60 वर्ष), आकाश चौहान (22 वर्ष) और विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा बरामद किया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी ने दिया समाज के नाम संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में की गई हिंसा एक जान ले लेती है, आरोपी को जेल पहुंचा देती है और पूरे परिवार को बिखेर देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करें तथा कानून हाथ में लेने से बचें।


