एनजीओ कार्यकर्ता को CSR फंड दिलाने का झांसा देकर खाते से 2.17 करोड़ का ट्रांजेक्शन, टेलीग्राम के जरिए देशभर के साइबर ठगों को बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे आरोपी
Raigarh, 16 मार्च। रायगढ़ साइबर पुलिस को एक बड़े ऑनलाइन ठगी मामले में बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला एनजीओ कार्यकर्ता को CSR फंड दिलाने का झांसा देकर उसके बैंक खाते का उपयोग करते हुए 2.17 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन कराए थे।

CSR फंड दिलाने के नाम पर रची गई ठगी की साजिश
पुलिस के अनुसार इंदिरानगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता आयशा परवीन ने 12 मार्च को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि दिसंबर 2025 में उसके परिचितों ने उसकी मुलाकात कुछ लोगों से कराई, जिन्होंने एक कंपनी की ओर से CSR फंड देने का प्रस्ताव बताया। भरोसा दिलाकर आरोपियों ने एनजीओ के नाम पर एक्सिस बैंक में कॉरपोरेट खाता खुलवाया और खाते की ऑनलाइन एक्सेस अपने पास ले ली।
इसके बाद आरोपियों ने महिला और उसके पति को Guwahati बुलाकर होटल में ठहराया, जहां उनके मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कर बैंक खाते का नियंत्रण अपने पास ले लिया। इसी दौरान खाते से कई संदिग्ध लेनदेन किए गए

।
खाते से देशभर में करोड़ों का लेनदेन
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने टेलीग्राम के जरिए सक्रिय साइबर फ्रॉड नेटवर्क से संपर्क कर महिला के खाते का उपयोग किया। लगभग 2.17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का ट्रांजेक्शन इस खाते के माध्यम से किया गया।
साइबर पुलिस के समन्वय पोर्टल पर जांच के दौरान पता चला कि इस खाते से जुड़े देशभर में 44 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के विवादित लेनदेन का उल्लेख है।
बैंक अकाउंट उपलब्ध कराकर लेते थे कमीशन
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को कॉरपोरेट बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें ठगी से प्राप्त रकम का 5 से 15 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपियों ने करीब 25 से 30 बैंक खाते उपलब्ध कराने की बात भी कबूल की है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और लैपटॉप जब्त
पुलिस ने इस मामले में मितेश सोनी, विजय चंद्रा, अजय साहू, अभय यादव और सचिन चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया है।
साइबर थाना खुलने से जांच में तेजी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में साइबर थाना शुरू होने के बाद ऐसे मामलों की जांच में तेजी आई है और साइबर अपराधियों के नेटवर्क का लगातार पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक, ऐप या किसी भी लालच में आकर ऑनलाइन लेनदेन न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

