रायगढ़। प्रदेश के खेल प्रेमियों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट का सबसे बड़ा पर्व एमएसपी कार्डिनल कप 19 मार्च से सीजन 9 के रूप में शुरू होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट 10 दिनों तक रायगढ़ स्टेडियम में चलेगा, जिसमें देशभर से 32 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। उद्घाटन मैच में प्रशासन 11 और पत्रकार 11 की टीम आमने-सामने होंगी।
टूर्नामेंट का स्वरूप और नियम
कार्डिनल कप नॉक-आउट सिस्टम पर खेला जाएगा। प्रत्येक दिन 4 मैच होंगे, जिनमें हर मैच 8-8 ओवर का होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मैच 12 ओवर के होंगे। टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों का चयन कड़े मानदंडों के आधार पर किया गया है। मुंबई, उत्तर भारत और मध्य भारत के खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे, जिससे टूर्नामेंट में विविधता और रोमांच का मेल दिखाई देगा।
इनाम और पुरस्कार राशि
सीजन 9 में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और भव्य ट्रॉफी मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, ‘मैन ऑफ द मैच’, ‘सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम’, और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के लिए भी नकद पुरस्कार और विशेष उपहार रखे गए हैं। कुल पुरस्कार राशि 3 लाख रुपये तक है।
यूट्यूब पर लाइव प्रसारण
पूरे टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। हाई-डेफिनिशन कैमरों और स्लो-मोशन रिप्ले की सुविधा के साथ पेशेवर कमेंटेटर मैच के रोमांच को दोगुना करेंगे।
दर्शकों के लिए आकर्षक प्रबंध
मैदान में आने वाले दर्शकों के लिए ‘कैच पकड़ो, इनाम जीतो’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मैच के दौरान भाग्यशाली दर्शकों को खेल किट, गैजेट्स और अन्य सरप्राइज उपहार दिए जाएंगे। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में कैमरे लगाए गए हैं और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा
एमएसपी कार्डिनल कप का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देना भी है। एमएसपी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर बीके सिंह का कहना है कि टूर्नामेंट देशभर के बेहतरीन टैलेंट को मंच प्रदान करता है।
आयोजन समिति की मेहनत
कार्डिनल रोटी बैंक की अध्यक्षता में आयोजन समिति ने मैदान की सजावट, पिच की गुणवत्ता और प्रकाश व्यवस्था को पिछले सभी सीजनों से बेहतर बनाने का दावा किया है। आयोजन में अजय पटेल, प्रदीप प्रधान, विशाल चंद्रा, यश पटेल, मयूर मोटवानी, प्रदीप बाखला, राजेन्द्र पटेल, किशन साहू, अमित दीक्षित, अभिलाष पंडा, संजू साव, महेश, दिनेश मालाकार, मनोज साहा, अमित जाना और आशीष डनसेना समेत समिति के अन्य सदस्य शामिल हैं, जिन्होंने दो महीने तक तैयारी में जुटकर टूर्नामेंट की सफलता सुनिश्चित की।
19 मार्च से रायगढ़ में शुरू होगा एमएसपी कार्डिनल कप सीजन 9

