गुमशुदगी की झूठी कहानी से पुलिस को भटकाने की कोशिश, लेकिन वैज्ञानिक जांच में टूटा झूठ
रायगढ़, 20 अप्रैल। थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के बेटे की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी महिला ने घटना को छिपाने के लिए गुमशुदगी और अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन कापू पुलिस की सटीक और वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी साजिश ज्यादा देर टिक नहीं सकी और सच सामने आ गया।
जंगल की खाई में मिला मासूम का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 अप्रैल को मृतक अनुज मंझवार के पिता ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई। पिता के अनुसार 16 अप्रैल की सुबह वह जंगल गया था और घर पर पत्नी व दोनों बच्चे थे। शाम को बेटी के घर लौटने पर पता चला कि मां छोटे बेटे को लेकर जंगल की ओर गई है। लगातार खोजबीन के बाद 18 अप्रैल की रात रानीगौवा पहाड़ के पास एक खाई में मासूम का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पास ही खून के धब्बे और पत्थर भी बरामद हुए।
पुलिस की सख्त पूछताछ में कबूलनामाः गुस्से में मां ने उतारा मौत के घाट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर संदेही मां को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला बार-बार बयान बदलती रही, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर की गई सख्त पूछताछ में वह टूट गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि पहाड़ी रास्ते में चलते समय गुस्से में उसने बच्चे को जमीन पर पटककर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ई-साक्ष्य और मौके की जांच से पुख्ता हुआ केस, आरोपी मां गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी महिला के बयान की वीडियोग्राफी कराई और घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर सहित अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए। आरोपी सोनमती सरोती मंझवार (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी का सख्त संदेश: “जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा”
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि रायगढ़ पुलिस जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस टीम की तत्परता से सुलझी सनसनीखेज गुत्थी, क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम अनुज की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
